रायपुरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुरवा में आपसी सहमति में रह रही महिला भारती गौतम की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या के मामले में पी रोड निवासी मौसरे भाई सोनू ने प्रेमी रोहित उर्फ दिलीप कुमार के खिलाफ रविवार को हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को पड़ोसी के घर में लगे सीसी कैमरे की फुटेज में रोहित बुधवार दोपहर भारती को कहीं ले जाते नजर आया। रात को घर लौटा। फिर रात आठ बजे से 10 बजे के बीच वह गली में इधर-उधर चक्कर काटता नजर आया। बाद में घर से जैकेट पहनकर निकल गया। तब से उसे किसी ने नहीं देखा। पुलिस को आशंका है कि लौटने के बाद ही दोनों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद प्रेमी ने भारती की हत्या कर दी। कैमरे का डीवीआर पुलिस साथ ले गई है।
अब तक जांच में पुलिस के सामने आया है कि रोहित दो-तीन और नाम इस्तेमाल करता था। फोरेंसिक टीम को भारती गौतम और वाहिद नाम से दो आधार कार्ड भी मिले, जबकि पूरी बस्ती में उसका नाम रोहित ही पता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि हुई है।
यह है मामला
कानपुर के रायपुरवा थाना इलाके के लक्ष्मीपुरवा में आपसी सहमति से प्रेमी संग रह रही महिला की प्रेमी ने दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या के बाद शव तख्त के नीचे छिपा दिया गया। वारदात के बाद आरोपी घर पर ताला डालकर भाग निकला था।
शनिवार सुबह बदबू आने पर पड़ोसी की सूचना पर पुलिस पहुंची और ताला तोड़कर घर की तलाशी ली। तख्त के नीचे चादर से छिपाया गया महिला का अर्द्धनग्न शव मिला। शक्कर मिल खलवा निवासी आशादेवी की बेटी भारती गौतम (35) आठ साल पहले नौबस्ता के मछरिया निवासी रोहित उर्फ दिलीप कुमार उर्फ वाहिद के साथ चली गई थी।
भारती के मौसरे भाई सोनू ने बताया कि सात माह पहले आशादेवी की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद भारती, रोहित के साथ अपने घर में रहने लगी। पड़ोसी किशनलाल ने पुलिस को बताया कि 29 अक्तूबर को तड़के रोहित को घर के बाहर बैठे देखा था। इसके बाद से घर पर ताला लटक रहा है। शनिवार सुबह भारती के घर से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई।