कानपुर। पानी में कॉपर, आर्सेनिक, क्रोमियम, मरकरी आदि धातुओं की जांच के लिए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में लैब खुलेगी। लैब के संबंध में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने दिशानिर्देश जारी किए थे। इन निर्देश के मद्देनजर कॉलेज प्रबंधन महानिदेशक और निदेशक (स्वास्थ्य) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को पत्र भेजा है। इसमें लैब के लिए जरूरी उपकरणों का ब्योरा दिया गया है। इनकी कीमत 29.5 करोड़ रुपये है।
मेडिकल कॉलेज में लैब खुल जाने के बाद पानी के धातु तत्वों की यहां जांच हो सकेगी। इससे नगर, देहात जिले के अलावा आसपास के जनपदों के पानी की जांच हो जाएगी। अभी पानी की जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजने पड़ते हैं। पानी की जांच डॉ. राममनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान और केजीएमयू में होती है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि लैब के लिए अलग से मैन पॉवर की भी जरूरत पड़ेगी। इनमें दो पद साइंटिस्ट के होंगे। दो पद टेक्नीशियन के रहेंगे। लैब के लिए कुल 46 उपकरणों की सूची महानिदेशक को भेजी गई है। डॉ. काला ने बताया कि लैब के लिए मेडिकल कॉलेज में भवन उपलब्ध है।