कानपुर। बिठूर थानाक्षेत्र के सिंहपुर में रहने वाले डीबीएस कॉलेज के लैब असिस्टेंट ओमप्रकाश ने चचेरे भाई मनीष, धामीखेड़ा रावतपुर के अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला, चकरतपुर के शैलेंद्र, पनकी के सत्यम गौतम व अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि उन्होंने 10 बीघा पुश्तैनी जमीन फर्जी कागजात तैयार कर हड़प ली।
ओमप्रकाश ने पुलिस दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया कि उनके पिता घसीटेलाल का देहांत 2022 में हो गया था। इसके पहले उन्होंने वसीयत करके करीब 10 बीघा जमीन उनके और उनके बड़े भाई ओमनारायन के नाम की थी। पिता की मौत के करीब डेढ़ महीने बाद उन्हें गांव के लेखपाल के जरिए जानकारी हुई कि उनकी जमीन के फर्जी कागजात बनवाकर जमीन किसी और के नाम करवा दी गई है।
यह सुनकर उनके होश उड़ गए। इस पर उन्होंने तत्कालीन पुलिस कमिश्नर से मामले की शिकायत की और कोर्ट में वाद दाखिल किया। मामले में एसआईटी टीम का गठन हुआ। बिठूर पुलिस ने एसआईटी की रिपोर्ट के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली। बिठूर थानाप्रभारी इंस्पेक्टर प्रेमनारायण विश्वकर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।