कानपुर। प्रयागराज मंडल के डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने शुक्रवार को पनकी धाम और कानपुर सेंट्रल स्टेशनों का निरीक्षण किया। डीआरएम ने बताया कि पनकी धाम स्टेशन अमृत भारत योजना के तहत पूर्णता की ओर है। कुछ अतिरिक्त यात्री सुविधाएं जोड़ने के बाद रेलवे बोर्ड की स्वीकृति मिलते ही इसका उद्घाटन होगा। कानपुर सेंट्रल स्टेशन भी चमकाया जाएगा।
कानपुर सेंट्रल पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि माघ मेला के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि पुनर्विकास परियोजना के तहत स्टेशन पर एस्केलेटर, लिफ्ट, हाई-टेक कांकॉर्स, अत्याधुनिक पार्किंग, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों के साथ-साथ थ्री-स्टार होटल और करीब 2000 यात्रियों की क्षमता वाला बड़ा कांकॉर्स भी तैयार किया जा रहा है।
700 करोड़ से सेंट्रल का हो रहा आधुनिकीकरण
डीआरएम ने बताया कि कानपुर सेंट्रल का रीडेवलपमेंट कार्य काफी तेज गति से आगे बढ़ रहा है। लगभग 700 करोड़ रुपये से स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अगले दो वर्षों में सेंट्रल स्टेशन विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से लैस होगा। नए ढांचे में वाहन सीधे पोर्टिको तक पहुंचकर यात्रियों को उतार सकेंगे।
जरूरत पड़ने पर वहीं से पार्किंग की ओर बढ़ेंगे या फिर तुरंत बाहर निकल जाएंगे। इससे स्टेशन पर आने-जाने वाले वाहनों की भीड़ को नियंत्रित किया जा सकेगा। निरीक्षण के बाद उन्होंने जानकारी दी कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरह कानपुर सेंट्रल से भी सीधे मेट्रो स्टेशन जुुड़ जाएगा। यह रीडेवलपमेंट पूरा होने पर फाइनल होगा। इससे किसी भी प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी होगी। निरीक्षण के दौरान दौरान उनके साथ डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह, वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक अवधेश द्विवेदी, जीआरपी प्रभारी ओएन सिंह आदि मौजूद रहे।