कानपुर देहात। शिवली थाना क्षेत्र के बैरी-मैथा मार्ग पर गुरुवार देर रात खेत में पानी लगाने पैदल सड़क किनारे जा रहे किसान को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी शिवली ले गए। वहां से उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट में उपचार के दौरान किसान की मौत हो गई।
मैथा मांडा निवासी रामस्वरूप ने बताया कि बेटा अंकित उर्फ रजोल पाल (30) देर रात भाई संतोष के साथ गांव स्थित खेत पर पानी लगाने के लिए निकला था। बैरी-मैथा मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे पैदल जाते समय रनियां की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बेटे को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ मौजूद भाई ने घर पर हादसे की सूचना दी। जिसपर सभी बेटे को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हैलट रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान बेटे ने दम तोड़ दिया।
अनहोनी से मां रामवती, पत्नी राखी, बेटी शिवी, बेटा यशु, भाई दीपक का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों की चर्चा के अनुसार हादसे के वक्त ट्रक चालक शराब ने शराब पी रखी थी। पुलिस ने आरोपी चालक को ट्रक समेत पकड़ लिया है। शिवली थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया ट्रक की टक्कर से युवक की मौत हुई है। ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
....................
अपने पीछे दो मासूमों को छोड़ गए बिलखता
शुक्रवार दोपहर 2.50 बजे जैसे ही पोस्टमार्टम से अंकित का शव गांव पहुंचा तो लोगों की भीड़ जुट गई। बिलख रही मां रामवती बार-बार यही कहती रहीं हाय मेरा लाल चला गया। रात में खेत में पानी लगाने न जाता तो ये घटना न होती। बेसुध पत्नी राखी दोनों बच्चों को गोद लिए बिलखती रही। वह बार-बार यही कहती रही की अब बच्चों को कौन देखेगा, बिट्टो के पापा अब नहीं रहे। संतोष के बेटे गुड्डू ने बताया की शुक्रवार को खेत में धान की रोपाई होनी थी, बेल खुदी पड़ी थी। पापा संतोष और चचेरे भाई अंकित खेत में पानी लगाने गए थे। हादसा होने पर पापा ने फोन कर सूचना दी तब सब लोग यहां से गांडी लेकर भाई को अस्पताल ले गए, वहां उनकी मौत हो गई।