कानपुर। रामादेवी स्थित सीएमओ कार्यालय में गुरुवार को कटखने कुत्ते ने डाक्टर समेत पांच लोगों को काट लिया। इससे लोगों में दहशत फैल गई।
कांशीराम हॉस्पिटल में आवारा कुत्तों का आतंक है। दिनभर अस्पताल के अंदर और वार्डों में ये घूमा करते हैं। गुरुवार को रामादेवी स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ कार्यालय) में कटखने कुत्ते ने ऑफिस आए पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट के डॉ. राधेश्याम व कर्मचारियों समेत पांच लोगों को काट लिया। लोगों का कहना है कि कुत्तों के बारे में कई बार शिकायत की लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
जाजमऊ से अक्सर परिवार में किसी की तबीयत खराब होने पर दिखाने आना पड़ता है। यहां वार्डों के अंदर तक कुत्ते टहलते रहते हैं। इससे डर लगता है। - शरद सैनी
काशीराम अस्पताल के अंदर की स्थिति बहुत खराब है। यहां पूरा दिन कुत्तों का आतंक रहता है। मरीज और तीमारदार दोनों को डर लगता है। - रामजी तिवारी
पांच लोगों को कुत्ते ने काटा है। सभी को रेबीज का इंजेक्शन लगवा दिया गया है। नगर निगम के कैटल कैचिंग विभाग को सूचना दे दी गई है।- डाॅ. उदयनाथ, सीएमओ
शिवकटरा में एक युवक को कुत्ते ने काटा था। वह इलाज के लिए आया था। सीएमओ ऑफिस में पांच लोगों को काटने के बारे में पता नहीं हैं।- डाॅ. नवीन चंद्रा, सीएमएस