कानपुर। रावतपुर गांव गणेश नगर निवासी देवेंद्र कुमार मिश्रा (60) ने सोमवार को पनकी नहर से कूदकर जान दे दी। भतीजे अजय ने बताया कि तीन साल से अवसाद से जूझ रहे थे। उन्हें डर, चिंता और बेचैनी रहती थी। उनका इलाज भी चल रहा था।
पत्नी अंजू मिश्रा कन्नौज में शिक्षिका हैं। दो बेटे यश व अर्नव है। रोज सुबह वह बाइक लेकर ग्राउंड में चले जाते थे। वहां टहलने के बाद आते थे। सोमवार को काफी देर तक नहीं लौटने पर चिंता हुई। परिजन ढूंढने निकले तो नहर किनारे उनकी बाइक खड़ी मिली। सूचना पुलिस को दी गई। तलाश करने पर शाम को शव अरमापुर नहर के पास झाड़ियों में फंसा मिल गया। अरमापुर थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।