फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: क्रोमियम प्रभावित लोगों की निगरानी के लिए बनेगा कंट्रोल रूम

Tue, 24 Mar 2026 01:25 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। औद्योगिक क्षेत्र रनियां के खानचंद्रपुर व इसके आसपास सटे क्षेत्र में क्रोमियम डंप से दूषित हुए भूजल से लोगों के शरीर में क्रोमियम, मर्करी व फ्लोराइड जैसे घातक तत्व पहुंच गए हैं। इन लोगों को विशेष सुविधा मुहैया करवाए जाने के लिए रनियां पीएचसी में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इससे क्रोमियम प्रभावित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को परेशानी होने पर वह कॉल कर सीधे जानकारी दे सकेंगे। कंट्रोल रूम बनाने के लिए सरवनखेड़ा पीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश यादव ने सीएमओ को प्रस्ताव भेजा है।
विज्ञापन

खानचंद्रपुर-मटियामऊ मार्ग पर 20 साल से अधिक समय तक क्रोमियम डंप रहने से यहां का भूजल दूषित हो गया है। यहां तक कि कुछ क्षेत्र के पानी का रंग एक दम से पीला पड़ गया है। दूषित जल के सेवन से क्षेत्र के लोगों के शरीर में मानक से अधिक क्रोमियम, मर्करी व फ्लोराइड जैसे घातक तत्व पहुंच गए हैं जोकि उनके लिए एक बड़ा खतरा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभी तक करीब 400 लोगों के शरीर में मानक से अधिक क्रोमियम, चार में मानक से अधिक मर्करी व करीब 25 लोगों के शरीर में मानक से अधिक फ्लोराइड मिल चुका है।
समय के साथ ही क्रोमियम का प्रभाव बढ़ता देख एनजीटी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग लोगों की जांच करवाने के दायरे में भी इजाफा कर रहा है। वर्तमान समय में स्वास्थ्य विभाग की नौ सदस्यीय तीन टीमें प्रभावित क्षेत्र में लोगों का सर्वे करने के साथ खून में घुले भारी तत्वों का पता लगाने के लिए रक्त व पेशाब के नमूने जुटा रही हैं। सर्वे के दौरान प्रभावित क्षेत्र के लोगों ने एंजाइटी, खुजली, पेट दर्द आदि की समस्याएं बताईं हैं। भारी तत्वों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
विज्ञापन

सरवनखेड़ा पीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश यादव ने बताया कि क्रोमियम प्रभावित क्षेत्र के लोगों को उपचार में कोई परेशानी न हो इसको लेकर रनियां पीएचसी के एक कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। प्रभावित क्षेत्र के लोग प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक संपर्क कर अपनी समस्या बता सकते हैं। इसके लिए एक नंबर भी जारी किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को तुरंत स्वास्थ्य सेवा मुहैया करवाई जा सकेगी। साथ ही जरूरत पड़ने पर उनको प्राथमिकता के आधार पर अस्पताल में भर्ती करवाया जा सके। जिससे उन्हें उपचार में कोई परेशानी नहीं होगी। कंट्रोल रूम संचालन के लिए सीएमओ डॉ. एके सिंह को प्रस्ताव भेजा गया है। अनुमति मिलते ही कर्मचारी को तैनात कर शीघ्र संचालन कराया जाएगा।
..............................
प्रभावित क्षेत्र में लगाए जा रहे हैं स्वास्थ्य शिविर
सरवनखेड़ा पीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश यादव ने बताया कि लोगों के शरीर में मानक से अधिक क्रोमियम पाए जाने के बाद से सीएमओ डॉ. एके सिंह के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र में महीने में आठ स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविर में शरीर में मानक से भारी तत्व मिलने वाले लोगों की निगरानी के साथ स्थानीय लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। फरवरी माह में रनियां के चार नए वार्ड में भी लोगों के शरीर में मानक से अधिक क्रोमियम पाया गया है। इसके चलते सीएमओ ने इस चारों वार्ड में भी शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं, यहां भी स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की निगरानी की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें