कानपुर। लाजपतनगर स्थित एक अस्पताल में गुर्दे की पथरी के ऑपरेशन के बाद हुई सॉफ्टवेयर इंजीनियर विशाल तिवारी (37) की मौत की जांच सीएमओ की गठित डॉक्टरों की कमेटी करेगी। नजीराबाद पुलिस सोमवार को पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर सीएमओ कार्यालय भेजेगी।
रविवार को शव का वीडियोग्राफी के बीच डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमाॅर्टम किया। घरवालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। नजीराबाद थाना प्रभारी राजकेसर ने बताया कि मेडिकल काउंसिल एक्ट की वजह से सीएमओ के डॉक्टरों की कमेटी से जांच कराई जाएगी।
उनको मरीज के इलाज की फाइल, परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सोमवार को भेजेंगे। उनकी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई होगी। बता दें, शास्त्रीनगर निवासी विशाल को पेट में दर्द होने पर 12 जून की शाम पांच बजे नजीराबाद क्षेत्र के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
14 जून को शाम करीब साढ़े छह बजे पति के मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया था। शनिवार को ही विशाल की शादी की सालगिरह थी। पत्नी ने नर्सिंगहोम के दो डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया था।