कानपुर। चुन्नीगंज स्थित कन्वेंशन सेंटर में लगी क्राफ्टरूट प्रदर्शनी में देशभर के हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधानों और अनूठे उत्पादों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। 90 से अधिक स्टॉल पर सजे उत्पादों में अंडे की ट्रे से बनी डायरी, हाथों की कढ़ाई, नीम की लकड़ी के बर्तन-कंघे और सेरेमिक की मछली व चिड़िया के आकार की विंड चाइम खास आकर्षण बने हुए हैं। सोमवार को भी कानपुर के अलावा प्रयागराज और बरेली से आए लोगों ने खरीदारी की।
प्रदर्शनी में गुजरात और राजस्थान की बेडशीट, अलीगढ़ की पीतल की मूर्तियां, पारंपरिक साड़ियां और ऑक्सीडाइज्ड ज्वैलरी लोगों को पसंद आ रही हैं। कोलकाता की अर्पिता चक्रवर्ती अंडे की ट्रे से बनी डायरी के साथ जूट के उत्पाद और हाथों की कढ़ाई प्रदर्शित कर रही हैं।
कन्नौज के रोहन 1200 से 1700 रुपये कीमत के इत्र लेकर आए हैं। उनके अनुसार, 10 एमएल की बोतल में मिलने वाला इत्र 10 घंटे तक खुशबू देता है। गुजरात के कलाकारों के सेरेमिक खिलौने, ईयर रिंग और विंड चाइम युवाओं व महिलाओं को आकर्षित कर रहे हैं। विंडचाइम की कीमत 2000 से 3500 रुपये तक है।
ऑक्सीडाइज्ड आभूषणों के स्टॉल पर महिलाओं की भीड़ रही। यहां हाथ से तैयार झुमके, हार और अन्य आभूषण 200 से 1500 रुपये तक उपलब्ध हैं। वहीं, नीम की लकड़ी के कंघे व पारंपरिक बर्तनों के साथ अहमदाबाद के खादी और कॉटन के कपड़ों के स्टॉल पर भी खरीदार पहुंच रहे हैं।