कानपुर। नरवल थानाक्षेत्र के नरौरा गांव में शुक्रवार की शाम पड़ोसी के दरवाजे पर बकरी जाने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। घटना में बुरी तरह से घायल महिला की अस्पताल में मौत हो गई। दोनों ओर से करीब छह लोग घायल हो गए। देर रात एडीसीपी पूर्वी सर्किल के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शुक्रवार की शाम करीब चार बजे महेश रैदास की बकरी पड़ोसी रामअवतार के दरवाजे चली गई थी। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों की ओर से लोग लाठी-डंडे लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। घटना में महेश के सिर, उनके बेटे सत्यम के कान और दूसरे बेटे सुनील की पत्नी को चोटें आई हैं।
दूसरे पक्ष के रामअवतार के घुटने में चोट आई। झगड़े का बीच बचाव कर रही रामअवतार की पत्नी रानी (45) के सिर पर गंभीर चोट लग गई। सभी घायलों को एंबुलेंस से सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
रानी की हालत बिगड़ने पर उसे उर्सला रेफर कर दिया गया। घटना में कुछ देर उपचार चलने के बाद महिला की सांसें थम गईं। महिला की मौत की सूचना पर गांव में भीड़ लग गई। एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा सर्किल ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। बवाल की आशंका के मद्देनजर गांव में फोर्स तैनात कर दिया है। शव को पोस्टमॉर्टम भेज दिया गया है।