ताखा (इटावा)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान सड़क किनारे स्थित खेतों में किया गया गहरा गड्ढ़ा शनिवार दोपहर जानलेवा साबित हुआ। खेत में बकरी चरा रहे पशुपालक का पैर फिसलने से वह 12 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। गड्ढे में पानी भरा होने की वजह से उसकी मौत हो गई।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान 2022 में आसपास के कई गांवों से ठेकेदारों ने अनुमति लेकर खेतों से मिट्टी खोदवाई थी। उस समय जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते तीन फीट की अनुमति पर 10-12 फीट तक गड्ढे करके छोड़ दिए गए हैं। शनिवार दोपहर विद्याराम (45) निवासी उददेतपुर अमथरी मार्ग के पास स्थित खेतों में बकरी चरा रहा था। इस दौरान करीब 12 फीट गहरे गड्ढे में गिर पड़ा।
रास्ते से गुजर रहे अमथरी के एक युवक ने किसान छटपटाते देखा तो तुरंत गांव में सूचना दी। सूचना पर ग्रामीण और पुलिस पहुंच गई। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसानों विद्याराम को गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी ने बताया कि किसान बकरियां चरा रहा था। इस दौरान पैर फिसलने से हादसा हुआ है। परिजनों की ओर से यदि तहरीर दी जाएगी तो कार्रवाई करेंगे।