रूरा। थाना क्षेत्र के रूरा-शिवली मार्ग पर सर्वा गांव के सामने सोमवार देर रात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार सर्राफा व्यापारी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सर्राफ को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रूरा कस्बा के वार्ड नंबर -2 आंबेडकर नगर (सब्जी बाजार के पास) निवासी तरुण गुप्ता उर्फ रिशु (30) पुत्र आलोक गुप्ता सर्राफ व्यापारी थे। बड़े भाई सुबोध ने बताया कि तरुण सोमवार शाम को कारी गांव के परिचित की बेटी की शादी में शामिल हाेने के लिए पास के गेस्ट हाउस में गए थे। वहां से वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रात 11 बजे के करीब शिवली-रूरा रोड पर सर्वा गांव के सामने पहुंचने तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका हेलमेट भी टूट गया।
हादसे की जानकारी पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को मेडिकल कॉलेज अकबरपुर पहुंचाया। यहां लाने पर डॉ. निशांत पाठक ने तरुण को मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर पिता आलोक गुप्ता, मां संयोगिता गुप्ता समेत अन्य परिजन बिलखते रहे। कस्बा के व्यापारियों ने पहुंच कर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। थानाध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि हादसा किस वाहन से हुआ है, पता लगाया जा रहा है। आस पास के लोगों से जानकारी की गई है। घटना में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।