कानपुर। कलक्टरगंज थानाक्षेत्र के रिहायशी इलाके चावल मंडी में रविवार तड़के सुपाड़ी के कारखाने में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लाटूश रोड फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी कैलाश चंद्रा ने बताया कि कलक्टरगंज चावल मंडी में रामचंदर चौरसिया की सुपाड़ी फैक्टरी व गोदाम है। यहां पर सुपाड़ी की कटाई का काम होता है। रविवार की सुबह करीब चार बजे अचानक कारखाने में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस दौरान पड़ोसियों ने कारखाने से आग की लपटें और धुआं उठता देखा तो कलक्टरगंज पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस के साथ ही लाटूश रोड से दो और कर्नलगंज फायर स्टेशन से एक गाड़ी पहुंची। पुलिस और इलाके के लोगों की मौजूदगी में जवानों ने ताले तोड़कर पानी की बौछार कर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अभी नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है।