फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तुरंत बनेंगी 3 सड़कें, 10 गांव चमकेंगे

Fri, 22 Jun 2012 12:00 PM IST
Kanpur
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। मुख्यमंत्री की पहल पर कानपुर के कायाकल्प के लिए बनी योजना के तहत गुरुवार को नगर निगम और केडीए ने अपनी प्राथमिकताएं तय कर ली हैं। पहले चरण में सड़कें और ट्रैफिक सुधारा जाएगा। नो टेंपो जोन में और तेजी से वाहन फर्राटा भरेंगे। 10 गांवों का विकास और रिवर फ्रंट डेवलपमेंट वर्क होगा। इन कार्यों से वर्षों से विकास के अभाव वाले सोसाइटी क्षेत्रों में रह रहे लाखों लोग भी लाभान्वित होंगे। नगर आयुक्त ने अन्य विभागों से भी जल्द से जल्द प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव मांगे हैं।
विज्ञापन

नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग की बैठक अपर नगर आयुक्त (प्रथम) उमाकांत त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर के पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिण क्षेत्र की 3 सड़कें तत्काल बनवाने के लिए चिह्नित की गईं। इन सड़कों में जाजमऊ चुंगी से वाजिदपुर होते हुए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट रोड, केसा तिराहे से इंद्रा नगर तक मकड़ीखेड़ा रोड और साउथ सिटी में दीप टाकीज से गौशाला चौराहा सोटे बाबा मंदिर होते हुए किदवई नगर एच-ब्लाक शनिदेव मंदिर चौराहा तक की जर्जर सड़क शामिल हैं। इसके अलावा इस योजना में दो अन्य सड़कें शामिल की गई हैं। इनमें श्याम नगर चौराहे से मंगला विहार तक कच्ची सड़क और कालपी रोड से पनकी पावर हाउस तक की सड़क शामिल है। श्याम नगर से मंगला विहार रोड का लगभग 500 मीटर का हिस्सा पूर्व में नगर निगम ने बनाया था, जबकि शेष सड़क सोसाइटी के क्षेत्र में होने की वजह से कभी बनी ही नहीं। नगर निगम के कार्यवाहक मुख्य अभियंता लालता प्रसाद ने बताया कि खाका तैयार हो गया है। यह भी जल्द तय हो जाएगा कि सड़कें पीडब्लूडी बनवाएगा या नगर निगम।


कल्याणपुर के 10 गांवों में मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं
कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के 10 गांवों के दिन बहुरेंगे। इन गांवों में सीवेज, पेयजल, बिजली, सड़क, नाली, खड़ंजा, सफाई आदि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन्हें भी मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दे दी है। विधायक सतीश निगम ने केडीए उपाध्यक्ष आरएम यादव को गांवों का खाका सौंपा। विधायक ने बताया कि इन गांवों में कपली, गंभीरपुर, गड़रियनपुरवा, मिर्जापुर, कल्याणपुर कला, कल्याणपुर खुर्द, पहलवानपुरवा, विनायकपुर, बरसायतपुर और मदारपुर शामिल हैं। केडीए वीसी ने कहा कि इन गांवों में मूलभूत सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी।
विज्ञापन



रिवर फ्रंड डवलपमेंट का प्रस्ताव 5 दिन में
नगर आयुक्त एनकेएस चौहान ने गुरुवार को बैठक कर सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता से रिवर फ्रंट डवलपमेंट के लिए प्रस्ताव मांगा। मुख्य अभियंता को लंबा प्रोजेक्ट होने के हवाला देकर टालमटोल करता देख नगर आयुक्त ने उनसे कहा कि पूरे प्रस्ताव में उन्हें दिक्कत है तो वह तुरंत 1 किलोमीटर का सर्वे करें और 5 दिन में इसे डेवलप करने का खाका सौंपे। दूसरी ओर केडीए उपाध्यक्ष आरएम यादव ने अभियंत्रण विभाग की बैठक कर न्यू ट्रांसपोर्ट नगर की फाइल खंगाली। इसे जल्द से जल्द विकसित करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

मंधना-भौंती बाईपास से शहर में घटेगा ट्रैफिक लोड
केडीए वीसी की बैठक में मंधना - भौती बाईपास बनाने की तैयारियों पर चर्चा हुई। करीब 8.5 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित बाईपास और इसके आसपास की लगभग 40 प्रतिशत जमीन ग्राम समाज की है, जबकि शेष अधिग्रहित की जानी है। केडीए अफसरों के अनुसार इस बाईपास के बनने से शहर में हैवी ट्रैफिक लोड घटेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें