कानपुर। नवीन मार्केट में नो पार्किंग जोन बुधवार की बजाय अब शनिवार से लागू होगा। गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने नगर निगम जोनल अफसर, पुलिस फोर्स और व्यापारियों संग मार्केट का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी दुकानदारों से कहा गया कि वे 9 अगस्त से अपना वाहन मुर्गा मार्केट के समीप खड़ा करेंगे और मार्केट में आने वाले ग्राहक अपना वाहन डीसी लॉ के बाहर खड़ा करेंगे। कोई भी वाहन मार्केट के अंदर नहीं खड़ा करेगा। गाड़ी खड़ी करने पर जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि दुकानदारों ने इस पर आपत्ति जताई है।
दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन की इस व्यवस्था से ग्राहकों को दिक्कत होगी। उन्हें अपना वाहन पार्क करने के बाद खरीददारी के लिए मार्केट तक पैदल आना होगा, जो संभव नहीं है। वहीं नवीन मार्केट शॉप कीपर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप सिंह ने कहा व्यापारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए जगह कम है। यहां पर कुल 100 गाड़ियां हैं जबकि नगर निगम के पार्किंग स्थल पर सिर्फ 35 गाड़ियां ही खड़ी हो पा रही। ऐसे में अन्य वाहनों को मजबूरी में दूसरी जगह खड़ा करना होगा।
--------------
ध्यान दें
- व्यापारियों के वाहन मुर्गा मार्केट के पास नगर निगम द्वारा बनाए गए पार्किंग स्थल और म्योर मिल से लेकर डीसी लॉ तक खड़े होंगे।
- ग्राहकों के वाहन ट्रीट रेस्टोरेंट से चर्च रोड तक खड़े होंगे।
- पार्किंग संबंधी किसी भी सूचना के लिए लगाए गए बैनर में पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर दर्ज होंगे।
- कार से आने वाले ग्राहक दुकान के सामने तक तो आ जाएंगे, लेकिन तुरंत कार को वापस पार्किंग पर खड़ा करना होगा।
दुकानदार की प्रतिक्रिया
- ग्राहक को दिक्कत होगी। हैंडीकैप्ड ग्राहकों के लिए कोई विकल्प रखना होगा। - कुलदीप सिंह सेठी
- नो पार्किंग जोन व्यवस्था से मैं पूरी तरह से सहमत हूं। हो सकता है प्रशासन कुछ दिन बाद ग्राहकों को वाहन दुकानों तक लाने दे। - वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनय अरोड़ा
---------
अफसर बोले:
व्यापारियों का पूरा सहयोग मिल रहा है। दिक्कत जैसी कोई बात नहीं है। - राजीव शुक्ला, नगर निगम जोनल अधिकारी जोन-4
नो पार्किंग जोन व्यवस्था को जोनल अधिकारी गंभीरता से ले रहे हैं। जिला प्रशासन और व्यापारियों के सहयोग से इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। - उमेश प्रताप सिंह नगर आयुक्त