कानपुर। नौबस्ता में गुरुवार रात दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री (अपट्रान के चेयरमैन) आत्म प्रकाश शुक्ला की बहू अनीता (40) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बेडरूम में उसका शव पंखे से लटका मिला। पति ने फंदा काटा और अनीता को करीबी अस्पताल ले गए पर नब्ज थम चुकी थी। उधर, अनीता के भाई की तहरीर पर नौबस्ता पुलिस ने पति निर्वेद के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है। भाई ने आरोप लगाया कि निर्वेद ने दूसरी महिला के चक्कर में अनीता को मार डाला। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है। शरीर पर किसी तरह के प्रतिरोध या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं।
दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री आत्म प्रकाश शुक्ला यशोदा नगर क्यू ब्लाक में पत्नी सुदामा देवी के साथ रहते हैं। चंद कदम दूर दूसरे मकान में बेटा निर्वेद अपनी पत्नी अनीता, बच्चों राजा, देव एवं बिट्टू के साथ रहते थे। निर्वेद का टीपी नगर में ट्रांसपोर्ट है। शादी करीब 17 साल पहले हुई थी। अनीता का मायका फर्रुखाबाद के कायमगंज में है। गुरुवार रात अनीता और निर्वेद में झगड़ा हुआ। निर्वेद के मुताबिक रात साढ़े ग्यारह बजे वह दोस्त के घर चले गए। उसके पिता की तबियत खराब थी। लगभग सवा 12 बजे घर लौटे तो मेनगेट बंद था। पत्नी का मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। बेटी को आवाज दी तो गेट खुला। बेडरूम में पहुंचे तो पत्नी फांसी पर लटकी थी। फंदा काटकर तुरंत अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इधर, सूचना मिलने पर नौबस्ता पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। बच्चों, पति, अपट्रान चेयरमैन, उनकी पत्नी, आसपास के लोगों से अलग-अलग पूछताछ हुई। फोरेंसिक टीम ने कुछ नमूने जुटाए। बेड पर कुर्सी रखकर काले दुपट्टे को पंखे और गले में फंसाया गया था। पर, पुलिस जब पहुंची तो उसे आधा कटा हुआ दुपट्टा और शरीर जमीन पर मिला था। टीम ने देखते ही फांसी से मौत बता दिया, बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यही पुष्टि हुई। इधर, फौरी छानबीन के बाद पुलिस ने बताया कि दंपति में कलह थी। पिछली बार झगड़ा होने पर अनीता करीब दो महीने तक मायके में रही थी। गुरुवार को दंपति बिग बाजार गए थे। वापस लौटे तो निर्वेद ने अपने दोस्त के घर जाने की बात कही। बताया कि उसके पिता की तबियत खराब है। अनीता ने शक जताया तो दोनों में काफी झगड़ा हुआ। इसके बाद निर्वेद चला गया और अनीता ने फांसी लगा ली।
नाजायज संबंधों के विरोध पर मार डाला: कमलेश
अनीता के भाई कमलेश का आरोप है कि निर्वेद का एक महिला से नाजायज संबंध है। शादी के कुछ साल बाद ही बहन को यह बात पता चली थी। विरोध पर निर्वेद अक्सर उनकी बहन से मारपीट और प्रताड़ित करते थे। घटना से पहले भी बहन ने निर्वेद को उस महिला के पास जाने से रोका था। झगड़े के बाद निर्वेद ने बहन की हत्या कर उसे खुदकुशी साबित करने की कोशिश की।
शादी से पहले ही बहू को दौरे आते थे। ब्लड प्रेशर की बीमारी से भी वह परेशान थी। निजी डॉक्टर से इलाज चल रहा था। बीमारी से ऊब कर बहू ने खुदकुशी की है।
आत्म प्रकाश शुक्ल
कमलेश के आरोप पर निर्वेद शुक्ला के खिलाफ आईपीसी की धारा 302(हत्या) की एफआईआर लिखी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर धाराएं तरमीम की जाएंगी।
एके सिंह, थानाध्यक्ष नौबस्ता