कानपुर। दिल्ली - हावड़ा रूट पर ट्रेनों की गति बढ़ाने को उत्तर - मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) प्रदीप कुमार ने मंगलवार को ट्रैक का निरीक्षण किया। जोधपुर हावड़ा से टूंडला होते हुए जीएम कानपुर पहुंचे और यहां पर अधिकारियों से पांच मिनट बातचीत के बाद इलाहाबाद मंडल के डीआरएम वीके त्रिपाठी के साथ इलाहाबाद रवाना हो गए। खास बात यह रही कि सैलून से ही उन्होंने ट्रैक और विद्युत विभाग का काम देखा।
जीएम के आने की खबर से सेंट्रल स्टेशन पर सुबह से ही सफाई व्यवस्था चाक - चौबंद थी। सभी प्लेटफार्म और रेलवे ट्रैक पर चूने का छिड़काव किया था।
करीब 11:30 बजे प्लेटफार्म नंबर सात पर जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस पहुंची। अपने सैलून से उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि रूटीन के तौर पर रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया जा रहा है। ट्रैक व्यस्त होने की वजह से गाड़ियों के संचालन में समस्या आती है। वर्ष 2018 तक कारीडोर बनकर तैयार होगा इसके बाद समस्याएं कम होगी। मंधना-पनकी रेलवे ट्रैक के बारे में कहा कि मुझे ऐसी कोई जानकारी नहीं है। वहीं, कानपुर-इलाहाबाद मेमो चलाने के बारे में बताया कि कई स्टेशनों पर ट्रेनों चलाने का प्रस्ताव है। इसलिए अभी इस बारे में कहना जल्दबाजी होगी। वैसे भी रेलवे बहुत बड़ा है और यात्रियों की सुविधा के लिए काम कर रहा है।