कानपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान केमिकल कारोबारी सतेंद्र कुमार द्विवेदी की कार से दो लाख रुपये बरामद हुए हैं। कारोबारी रकम से संबंधित कागजात न दिखा सके हैं। पुलिस ने रकम को सीज कर दिया है। सोमवार को इसे ट्रेजरी में जमा कराया जाएगा।
जाजमऊ चौकी प्रभारी टीम के साथ रविवार शाम जाजमऊ पुल के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें उन्नाव की ओर से एक कार आती दिखी। पुलिस कर्मियों ने कार रोक ली। उसमें बैठे रायबरेली के लालगंज तहरीर के आंबारा पश्चिम गांव निवासी सतेंद्र कुमार द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि उनके पास केवल पांच हजार रुपये हैं। कार की तलाशी ली गई तो डेस्टबिन में दो लाख रुपया मिला। सतेंद्र ने पुलिस को बताया कि यह पैसा एफडी का है। उन्होंने शनिवार को एफडी कैश कराई थी। पर, वह बैंक का कोई कागज नहीं दिखा सके। चौकी प्रभारी ने बताया कि सतेंद्र की कोलकता में केमिकल फैक्ट्री है। सतेंद्र दो लाख रुपया के संबंधित कागजात भी नहीं दिखा सके। इस वजह से रकम को सीज कर किया गया है।