कानपुर। आईआईटी के दीक्षांत समारोह में पांच जुलाई को हिस्सा लेने आ रहे राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा की गई। आईआईटी के विजिटर गेस्ट हाउस में कमिश्नर महेश गुप्ता ने व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। कहा कि मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन मौजूद रहेंगे। चकेरी एयरपोर्ट पर चीफ सेक्रेटरी, डीजीपी या उनके प्रतिनिधि राष्ट्रपति को रीसिव करेंगे। आईआईटी के प्रो. एके घोष भी एयरपोर्ट पर रहेंगे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि राष्ट्रपति का विशेष विमान सुबह 11:40 बजे चकेरी एयरपोर्ट पर लैंड करेगा, फिर 11:45 बजे चॉपर से आईआईटी के लिए रवाना होंगे। आईआईटी में पहुंचने का समय 12:10 बजे निर्धारित है। वह 1:35 बजे तक आईआईटी में रहेंगे, फिर चकेरी और वहां से नई दिल्ली के लिए विशेष विमान से उड़ान भरेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। जिन लोगों का पास जारी होगा, वह दीक्षांत समारोह स्थल तक जा सकेंगे। इस दौरान डीएम समीर वर्मा, एसएसपी यशस्वी यादव, एडीएम सिटी अविनाश सिंह, एडीएम एलए ओके सिंह, आईआईटी के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. एससी श्रीवास्तव मौजूद रहे।