कानपुर। बंग संस्कृति सम्मेलन, प्रतिश्रुति और कानपुर खेया संस्था की ओर से शनिवार को निर्देशक सत्यजीत रे की मशहूर बांग्ला फिल्म ‘गूपी गाईन बाधा बाईन’ पर आधारित बंगाली नृत्य नाटिका ‘गूपी बाधार कान्डो’ का मंचन लाजपत भवन में होगा। यह जानकारी शुक्रवार को बंग संस्कृति सम्मेलन के अध्यक्ष जयंत भौमिक और सचिव शान्तनु घोष ने बंग भवन, आर्य नगर में आयोजित वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि नाटक में एक साथ 100 कठपुतलियों और मॉफिन्स का नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। उन्होंने बताया कि नाटक का मंचन लाजपत भवन, मोतीझील में शाम 7:30 बजे होगा। नाटक में संस्था कलकत्ता क्वायर के 40 कलाकार भाग लेंगे। जयंत भौमिक ने बताया कि 2005 में न्यूयार्क में मंचित किया गया यह नाटक इससे पहले देश विदेश और भारत में 554 बार मंचित किया जा चुका है। सम्मेलन के सचिव ने बताया कि इस नाटक का शुभारंभ बांग्ला फिल्मों के निर्देशक कल्याण सेन बराट के नाटक ‘पोटली बाबा’ की इंट्री से होगा। वार्ता में संजीव बनर्जी, कल्याण पाल, तापस बागची, ओमियो दास और देबू रॉय चौधरी आदि मौजूद थे।
-----
कई देशों में हो चुका है मंचन
वार्ता में मौजूद बांग्ला फिल्मों के मशहूर निर्देशक कल्याण सेन बराट ने बताया कि वे करीब 15 बांग्ला फिल्में और 200 से अधिक सीरियल निर्देशित कर चुके हैं। 1990 में टीवी चैनल का मशहूर नाटक ..पोटली बाबा..भी उनके द्वारा निर्देशित हिंदी नाटक था। हिंदी में उन्होंने दीदी फीचर फिल्म, पंचतंत्र और दीप्ति नाटक का निर्देशन भी किया था। उन्होंने बताया कि उनकी बेहतरीन बांग्ला फि ल्म ‘ब्लाइंड लेन’ जल्दी आएगी। कल्याण सेन रवींद्र नाथ टैगोर की कविताओं पर आधारित कहानी की तर्ज पर ‘आलो छाया’ फिल्म भी निर्देशित कर रहे हैं। साथ ही एक अन्य फिल्म ‘अगुन पाखी’ पर भी काम कर रहे हैं। इस फिल्म की हिरोइन रितुपर्णा सेन हैं। उन्होंने बताया कि नाटक में 10 टेक्नीशियन और 40 मेल-फीमेल कलाकार काम करेंगे। 40 में 13 महिला पात्र हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले यह नाटक अमेरिका, क्यूबा, कनाडा, न्यूयार्क और वियतनाम सहित कई देशों और शहरों में मंचित हो चुका है। नाटक की कोरियोग्राफी कबीर सेन ने की है।