कानपुर। शहर में अत्याधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम के निर्माण का काम तेज हो गया है। वहीं पुलिस के 95 मोबाइल वाहनों में जीपीएस सिस्टम लग चुका है। इन वाहनों की लोकेशन एसएसपी अपने दफ्तर में बैठकर देख सकेंगे। इसके लिए कमरे में एक बड़ी एलसीडी स्क्रीन लगाई जा रही है। कोई भी वाहन एक स्थान पर आधा घंटे से ज्यादा समय तक खड़ा होगा तो एसएसपी के दफ्तर में लगी स्क्रीन में बीप बजने लगेगा। एसएसपी संबंधित मोबाइल के कर्मचारी से पूछताछ कर सकेंगे।
शासन ने शहर में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बनाने के लिए सात करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है। 25 लाख रुपये पुलिस वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाने के लिए जारी किए हैं। पुराने कंट्रोल रूम को नया लुक दिया जा रहा है। आपरेटरों के लिए केबिन, बड़ी स्क्रीन के साथ ही कई फोन लाइनें और अत्याधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं। एसएसपी यशस्वी यादव ने बताया कि दो महीने में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बन जाएगा। पुलिस के सभी वाहन जीपीएस युक्त हो जाएंगे। इसके बाद झूठी लोकेशन देने और काम के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की खैर नहीं होगी।