कानपुर। गोविंदपुरी पर नया पुल बनने का काम एक कदम और आगे बढ़ा है। यहां की मिट्टी परीक्षण की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। रेलवे की टेक्निकल टीम ने मुआइना करके टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। अफसरों का दावा है कि हरहाल मेें 15 जून से नया पुल बनना शुरू हो जाएगा। सोमवार को सेतु निगम की टीम इलाकाई विधायक अजय कपूर के साथ बैठक करके काम शुरू करने की रणनीति बनाएगी।
सेतु निगम के परियोजना निदेशक वेद प्रकाश ने बताया कि मिट्टी परीक्षण की रिपोर्ट सही आई है। इस कारण पुल बनाने में अब कोई रुकावट नहीं है। रेलवे इंजीनियर एके राय ने बताया कि चार कंपनियों ने टेंडर डाले थे। 18 करोड़ रुपये का टेंडर डालने वाली कंपनी को ठेका मिला है। कार्य आवंटन और अन्य फार्मेल्टी पूरी करने में करीब एक महीने का समय लगेगा। यह तय है कि रेलवे अपने हिस्से का काम 15 जून से शुरू कर देगा। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक अजय कपूर के साथ बैठक करके आगे की रणनीति बनाई जाएगी। विधायक अजय कपूर ने दावा किया है कि नए पुल का शिलान्यास मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव करेंगे। इस संदर्भ में रविवार को ही उनसे मुलाकात की है। विधायक का कहना है कि शुक्रवार 17 मई को मुख्यमंत्री ने फिर मिलने का समय दिया है, उस दिन पुल के शिलान्यास की तिथि तय हो जाएगी।