कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में 10 मई को होने वाले दीक्षांत समारोह के संबंध में शुक्रवार को लखनऊ में मुख्य सचिव जावेद उस्मानी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के आने का शेड्यूल तय किया गया। इसके तहत प्रेसिडेंट का हेलीकॉप्टर मेडिकल कॉलेज ग्राउंड में उतरेगा। एक घंटे के कार्यक्रम के दौरान वे ऑडिटोरियम में मेधावियों को गोल्ड मेडल देने के अलावा मेडिकल कॉलेज की फर्स्ट न्यूज बुकलेट, कनवोकेशन सोविनियर और मिर्गी पर प्रिंसिपल डॉ. नवनीत कुमार की लिखी किताब का भी विमोचन करेंगे। बैठक में डॉ. नवनीत कुमार के अलावा कानपुर के कई आला अफसर भी शामिल हुए।
इससे पहले सुबह मेडिकल कॉलेज में हुई बैठक में प्रिंसिपल ने सभी स्टूडेंट्स और गोल्ड मेडलिस्ट के नाम मांगे। समारोह की तैयारियों के लिए आयोजन समिति सहित कई समितियां भी गठित की गईं। आयोजन समिति के अनुसार प्रेसिडेंट के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए मेडिकल कॉलेज ग्राउंड में ही हैलीपैड बनाया जाएगा। यहां से वे कार से प्रिंसिपल ऑफिस पहुंचेंगे और कनवोकेशन गाउन पहनने के बाद सेंट्रल लाइब्रेरी होते हुए ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। प्रिंसिपल डॉ. नवनीत कुमार ने बताया कि लखनऊ में हुई बैठक के बाद समारोह में राज्यपाल बीएल जोशी को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह में मुख्यमंत्री या उनके प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।