कानपुर। भौंती के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में मंगलवार को दो छात्र गुट आपस में भिड़ गए। कॉलेज के बाहर दोनों गुटों में जमकर लाठी और हॉकी चली। झगड़े में दो सीनियर छात्रों को चोट लगी है, जिनका एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। कॉलेज प्रबंधन और सचेंडी पुलिस ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बीटेक थर्ड ईयर (सिविल) के दो छात्रों का जूनियर छात्र से किसी बात पर विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर सीनियर छात्रों ने जूनियर को तमाचा जड़ दिया। बाद में कुछ छात्रों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन छुट्टी होने पर सीनियर छात्रों ने कई जूनियर छात्रों को घेर लिया और मारपीट शुरू हो गई। जूनियर छात्रों ने सीनियर पर लाठी और हॉकी से हमला बोल दिया, जिसमें दो छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। साथ छात्र उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में ले गए। इधर, कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि कॉलेज के बाहर झगड़ा हुआ होगा, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं है। वहीं, सचेंडी थानाध्यक्ष नासिर हुसैन का कहना है कि दो छात्र गुटों में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर गई, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।