फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कल्याणपुर स्टेशन के प्लेटफार्म का वर्क आर्डर जारी

Wed, 12 Dec 2012 05:30 AM IST
Kanpur
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। कल्याणपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म को ऊंचा करने के लिए मंगलवार को वर्क आर्डर तो जारी कर दिया गया लेकिन यह काम अगर 5 साल पहले ही कर लिया जाता तो शायद 153 जानें न जातीं। तब इस काम पर मात्र 10.89 लाख रुपये ही खर्च होते। अब दोगुनी राशि (21.13 लाख) खर्च करके रेलवे अपनी गलती तो सुधार सकता है लेकिन उन परिवारों को हिसाब कौन देगा, जिन्होंने इस गलती के कारण अपने ‘अजीजों’ को खो दिया।
विज्ञापन

गौर रहे कि मई-2006 में कानपुर-फर्रुखाबाद रेललाइन का आमान परिवर्तन होने के बाद ट्रैक को चालू कर कल्याणपुर स्टेशन को हाल्ट स्टेशन बना दिया गया। तब भाजपा और व्यापारियों ने आंदोलन किया था, जिसके बाद 2007 में कल्याणपुर को फिर हाल्ट की जगह स्टेशन का दर्जा दिया गया था। साथ ही प्लेटफार्म ऊंचा करने का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड को भेजा गया था। तब इस काम की लागत 10.89 लाख रुपये तय की गई थी लेकिन यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में डाल दिया गया और तब से अब तक प्लेटफार्म नीचा होने के कारण 153 मौतें हो चुकी हैं। आए दिन हो रहे हादसों के बाद रेलवे ने इस मामले को संज्ञान में लिया और कुछ महीने पहले फिर एक बार प्रस्ताव भेजा गया। इज्जतनगर मंडल के आईओडब्लू (वर्क) जाकिर हुसैन ने बताया कि प्लेटफार्म ऊंचा करने के लिए वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। पहले यह बनता तो कास्ट 10.89 लाख रुपये आती पर अब वर्क आर्डर 21.13 लाख रुपये का आया है। साथ ही गुरसहायगंज स्टेशन का प्लेटफार्म ऊंचा करने के लिए भी 21.13 लाख रुपये का वर्क आर्डर जारी हुआ है।

कोट्स::::
कल्याणपुर रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म ऊंचा करने के लिए वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। पैसा मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। काम शुरू होने के बाद 5 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
विज्ञापन

उमेश सिंह, डीआरएम, इज्जतनगर मंडल

हादसे ही हादसे
साल मौतें
2007 23
2008 26 मौतें
2009 29 मौतें
2010 24 मौतें
2011 25 मौतें
8 दिसंबर-2012 तक 29 मौतें
आंकड़े जीआरपी और कल्याणपुर थाने के पंचायतनामा से

प्लेटफार्म का ब्योरा
लंबाई 323 मीटर
चौड़ाई 19.8 मीटर


व्यापारियों और बच्चों ने किया प्रदर्शन
कानपुर। कल्याणपुर स्टेशन के प्लेटफार्म को ऊंचा करने की मुहिम में मंगलवार को लक्ष्मीबाई सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के स्टूडेंट्स और कल्याणपुर युवा उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने प्रतीकात्मक कफन ओढ़ प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने एलान किया कि जब तक पैसा जारी नहीं होता, तब तक चरणवार आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप पांडेय सहित सभी व्यापारी प्रतीकात्मक रूप से कफन ओढ़े थे। उन्होंने कहा कि रेलवे की लापरवाही से लगातार यात्रियों की मौतें हो रही हैं। संगठन के संस्थापक मनीष पांडेय ने कहा कि एकजुट होकर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर जितेंद्र सिंह, जमील अहमद, अजय यादव, केदार सिंह, आदित्य श्रीवास्तव, आनंद शुक्ल, रिंकू सक्सेना, आशीष पांडे आदि मौजूद रहे। उधर, लक्ष्मीबाई सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के स्टूडेंट्स ने गुजर रहीं ट्रेनों के यात्रियों से अपील की कि वे लोग भी उनकी मुहिम में शामिल होकर एक-एक पोस्टकार्ड रेल मंत्री अंकल को भेजें। इस दौरान ट्रेनों में दौड़ते भागते चढ़ने वाले लोगों को बच्चों ने रोककर लापरवाही न बरतने की अपील की। इस मौके पर सतीश चंद्र मिश्र, अशोक सिंह दद्दा, रजत कुमार, शिप्रा शुक्ल, रितू सविता, अंचल मिश्रा, निधि गौर, भूमिका शुक्ल, शिखर वाजपेयी आदि मौजूद रहे।

‘जनप्रतिनिधियों का दावा गलत’
भाजपा नेता अशोक सिंह दद्दा ने आरोप लगाया कि ‘अमर उजाला’ में 11 दिसंबर के अंक में जनप्रतिनिधियों का यह दावा कि उन्हें इस समस्या का पता नहीं, बिलकुल गलत है। उन्होंने कहा कि साल 2006 में हुए आंदोलन में कई जनप्रतिनिधियों को पत्र दिए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें