राज्य वस्तु एवं सेवाकर (स्टेट जीएसटी) विभाग की टीम ने सोमवार को कानपुर में सरोजनी नगर स्थित राहुल ट्रेडिंग कंपनी में छापा मारकर लाखों रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी। ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर एक किलोमीटर के दायरे में दो अघोषित गोदाम भी मिले। इसमें रखे माल का हिसाब न मिलने पर अफसरों ने करीब 96 लाख रुपये कीमत का माल सीज कर दिया।
एडिशनल कमिश्नर राकेश कुमार सिंह व दिनेश मिश्रा को फर्म में टैक्स चोरी की सूचना मिल रही थी। उन्होंने ज्वाइंट कमिश्नर एसके सिंह व डीके वर्मा को इसकी जांच की जिम्मेदारी सौंपी। इस पर डिप्टी कमिश्नर चंद्रशेखर की अगुवाई में प्रमोद कुमार, वीरेंद्र मिश्र, ममता उपाध्याय, ज्ञानेश त्रिपाठी, ज्ञान रतन आदि अफसरों ने फर्म पर छापा मारा।