कानपुर देहात। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए महिला आयोग की सदस्य ने जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई का अभाव मिलने पर नाराजगी जताते हुए उपस्थित कर्मचारियों को चेतावनी दी। वहीं, अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बाबत मरीजों से जानकारी भी जुटाई।
बुधवार को महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण करने पहुंचीं। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने शासन की महत्वपूर्ण जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना आदि के बारे में जानकारी ली। इसके बाद महिला वार्ड के प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया। साथ ही वार्ड में भर्ती मरीजों से मिलने वाली सुविधाओं के बाबत जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से दवा बाहर से न लेने, कर्मचारियों के मरीजों के प्रति व्यवहार सहित अन्य जानकारी जुटाई। साथ ही रजिस्टर में अंकित मरीजों के मोबाइल नंबर पर फोन कर अस्पताल स्टाफ के व्यवहार के साथ ही सुविधाओं के बाबत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, पैथोलॉजी लैब आदि को जांचा। वहीं, अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर साफ-सफाई का अभाव मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए उपस्थित कर्मियों को चेताया। हालांकि निरीक्षण के दौरान महिला अस्पताल की सीएमएस मौजूद नहीं रही। जबकि आयोग की सदस्य के साथ सदर तहसीलदार ऋषिकांत राजवंशी, जिला प्रोबेशन अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज, क्षेत्राधिकारी अर्पित कपूर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।