घाटमपुर (कानपुर)। बीते तीन-चार दिनों से इलाके के मंदिरों में घंटा चोरी की घटनाएं बढ़ी है। बीते बुधवार की रात भीतरगांव इलाके के चार मंदिरों में चोरी की घटनाएं हुईं। वहीं, बीते गुरुवार की रात चोरों ने फिर तीन मंदिरों में हाथ साफ किए। हालांकि, पुलिस ने भी एक भी चोरी की घटना दर्ज नहीं की है।
कोतवाली क्षेत्र के ओरिया गांव में बस्ती के भीतर बने करीब 150 वर्ष प्राचीन शिव मंदिर में बीते गुरुवार की रात चोरों ने धावा बोला। गांव के प्रधान शिवदयाल यादव, सुशील मिश्रा, लल्लन दुबे, बैकुंठ नाथ मिश्रा और चंद्रमोहन द्विेदी ने बताया कि चोर मंदिर के अंदर और परिसर में बंधे करीब 35-40 पीतल के घंटे खोलकर चोरी कर ले गए हैं। गांववालों ने बताया कि मंदिर के पास वाहन के टायरों के निशान मिले हैं। आशंका जताई है कि चोर चार पहिया वाहन साथ लेकर आए थे। वहीं, चोरों ने मंदिर से कुछ दूर पर स्थित रामकुमार सविता के बरामदे में बंधे दो कीमती बकरे चोरी कर ले गए।
भीतरगांव इलाके में सक्रिय घंटा चोरों ने लगातार दूसरे दिन बीती गुरुवार की रात फिर दो मंदिरों में धावा बोला। भेलसा गांव के बाहर स्थित हनुमान मंदिर से करीब 15 पीतल के घंटे खोलने के साथ वहां लगे दानपात्र का ताला तोड़कर करीब दो हजार रुपये चोरी कर ले गए।
वहीं, साढ़ चौकी क्षेत्र के गोपालपुर गांव में स्थित काली देवी मंदिर के पुजारी शिवशंकर ने बताया कि बीते गुरुवार की देररात बोलेरो पर सवार होकर आए चोरों ने मंदिर में धावा बोला। चोरों ने मंदिर परिसर में लोहे की जंजीरों में बंधे घंटों को काटना शुरू किया। तभी, उनके हाथ से छूटकर एक घंटा जमीन पर गिरने से आवाज हुई। वह जग गए और चोरों को देखकर शोर मचाया। इस पर चोरों ने उनकी आंखों में टार्च की रोशनी लगा दी। बोलेरो पर सवार होकर बिरहर की ओर तेजी से भाग निकले। बताया कि मंदिर से चोर 35 घंटे चोरी कर ले गए हैं। पुजारी ने बताया कि सुबह उन्होंने पुलिस चौकी साढ़ में घटना की मौखिक सूचना दी है। इधर, भीतरगांव चौकी इंचार्ज सुशील कुमार सिंह ने बताया कि इलाके के मंदिरों में घंटा चोरी की घटनाएं हुई हैं। लेकिन, किसी ने अभीतक पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। बताया कि पुलिस निगरानी कर रही है जल्दी ही चोरों को पकड़ा जाएगा।