कानपुर देहात। मूसानगर थाना क्षेत्र में एटीएम लूट के प्रयास में 20-20 हजार के इनामी दो वांछित आरोपियों को पुलिस ने रविवार रात गश्त के दौरान देवराहट मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के पास से 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संगीन धाराओं में कई रिपोर्ट दर्ज हैं।
बता दें कि 5 जनवरी रात मूसानगर के मुगल रोड पर इंडिया फर्स्ट कंपनी का एटीएम नकाबपोश बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया था। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर एक आरोपी को लूट में शामिल बोलेरो के साथ गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसके चार साथी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने फरार चारों आरोपियों पर 20-20 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके बाद 9 जनवरी को मूसानगर पुलिस ने ही फरार चार बदमाशों में से दो को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। वहीं, शेष दो आरोपियों की तलाश में पुलिस की ओर से बराबर दबिश दी जा रही थी। रविवार रात मूसानगर थानाध्यक्ष सुनील जोशी व स्वाट टीम प्रभारी माया प्रसाद की टीम ने गश्त के दौरान कस्बे के देवराहट मोड़ से पैदल जाते समय भोगनीपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव निवासी नीतू उर्फ अर्पित यादव व कालपी जालौन के आलमपुर गांव निवासी हरि सिंह उर्फ किल्ली को रोककर तलाशी ली। उनके पास से एक 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि पूछताछ में उन्होंने एटीएम लूट प्रयास की घटना में शामिल होने की बात स्वीकारी। गिरफ्तार आरोपी में हरि सिंह उर्फ किल्ली के खिलाफ कालपी थाने में गैर इरादतन हत्या, हत्या, लूट सहित संगीन धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि लूट के आरोप में पांचों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।