झींझक (कानपुर देहात)। क्षेत्र के खेरा दबौली गांव निवासी एक युवक बुधवार की रात सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पिता की फौती सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले मेें शक के आधार पर 11 लोगों से पूछताछ कर रही है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के खेरा दबौली गांव के सतेंद्र उर्फ गगन (20) पुत्र रामस्वरूप गुरुवार की सुबह झींझक जाने वाली सड़क के किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा था। गांव के लोगों ने जब युवक की हालत देखी तो उनके परिजनों को जानकारी दी। उसे बेहोशी की हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मौजूद डाक्टर ने सतेंद्र को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सतेंद्र बुधवार को गांव में हो रही शादी की तैयारी में हाथ बंटाने गया था। गुरुवार की सुबह वह सड़क के किनारे मिला।
थाना निरीक्षक तुलसीराम पांडेय ने बताया कि युवक के मुंह से झाग आने की बात परिजनों ने बताई। साथ ही उसके शरीर पर चोट के भी निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, सतेंद्र तीन बहनों प्रियंका, नीतू, प्रीती के बीच इकलौता भाई था। सतेंद्र की मौत पर उसकी बहनों व मां सुमन का रो-रोकर बुरा हाल था।
संदिग्ध हालात में युवक की मौत
सड़क किनारे बेसुध पड़ा मिला, डाक्टर ने मृत घोषित किया
शरीर पर मिले चोट के निशान, पुलिस मामले की जांच कर रही