अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। नार्थ सेंट्रल रेलवे मेेंस यूनियन (एनसीआरएमयू) का त्रिवार्षिक अधिवेशन मंगलवार को यहां रेलवे परिसर में गहमागहमी के बीच हुआ। यूनियन के मंडलीय अध्यक्ष और मंत्री भी शामिल हुए। स्थानीय यूनियन नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अधिवेशन में नई पेंशन स्कीम सहित सातवें वेतन की विसंगतियों आदि का विरोध हुआ।
रेलवे के मनोरंजन गृह में अधिवेशन में मंडल मंत्री आरएन यादव ने कहा कि रेलवे कर्मियों को न्यू पेंशन स्कीम हरगिज स्वीकार नहीं है। वह इसका शुरू से ही विरोध कर रहे हैं। आगे भी विरोध करेंगे। उन्होंने सातवें वेतन आयोग की विसंगतियों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें खत्म किया जाना चाहिए। मंडल मंत्री ने रेलवे में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की रेलवे प्रशासन से मांग की। मंडल अध्यक्षएचएस चौहान ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता बांदा यूनियन के अध्यक्ष एसएस परिहार ने की।
अधिवेशन में देर शाम चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। चुनाव अधिकारी के रूप में यूनियन के संयुक्त महामंत्री आरपी सोनी (इलाहाबाद) उपस्थित थे। उनके अलावा केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय उपाध्यक्ष आरएल उपाध्याय शामिल रहे। आरपी सोनी चुनाव अधिकारी रहे। अधिवेशन का संचालन शाखा सचिव पीके सिंह ने किया। उन्होंने यूनियन द्वारा कर्मचारियों के हित में किए गए कामों की जानकारी दी। अधिवेशन में झांसी और मानिकपुर के बीच कार्यरत रेलवे कर्मियों समेत जितेंद्र कुमार वर्मा, श्यामेंद्र गुप्ता, संजय कुशवाहा, आरडी पाल, राजेश कुमार, ललित पांडेय, सुरेश मिश्रा, अतुल यादव, दिलीप दीक्षित, बीपी त्रिवेदी, डीके पांडेय आदि शामिल रहे।
============
-सातवें वेतन आयोग की विसंगतियों पर जताई चिंता
-नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन का त्रिवार्षिक चुनाव