अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्र के विजयीपुर में रविवार को तालाब की जमीन से अवैध कब्जा हटाए गए। जेसीबी से कई लोगों के पक्के मकान ढहा दिए गए। इस बीच ग्रामीण और राजस्व कर्मियों में नोकझोंक भी हुई। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को शांत कराया।
एसडीएम अमित भट्ट के नेतृत्व में तहसीलदार रामस्वरूप, नायब तहसीलदार सिराजउद्दीन टीम के साथ पहुंचे। तालाब की जमीन पर बने गांव के अवधेश प्रसाद, रामखेलावन, विश्वनाथ, चंद्रभूूषण, रामचरण, रामनरेश, लल्लू गुप्ता, अशोक दुबे, संजय दुबे, संतोष दुबे, पंकज त्रिपाठी, चेतन त्रिपाठी के मकान जेसीबी से गिरा दिए। कई लोगों के शौचालय व टीनशेड हटाकर तालाब में मिला दिया गया है।
गांव के ही रवींद्र नाथ शुक्ल और विनोद शुक्ल के रियायशी मकान को नहीं हटाया गया। इन दोनों ने दूसरी जगह जमीन देने को कहा है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। इस मौके पर राजस्व कर्मचारी राजेंद्र सिंह, लेखपाल राजबहादुर गिरि, राम प्रकाश, सुमेर सिंह, अशर्फी लाल, अवधेश बाजपेई, किशनपुर एसओ राजीव कुमार सिंह व खखरेरु, धाता, खागा की पुलिस मौजूद रही। साथ एक कंपनी पीएसी भी मौजूद रही। एसडीएम का कहना है कि ग्राम समाज की सुरक्षित जमीन पर अतिक्रमण करने वालों की खैर नहीं है।
तालाब की जमीन पर बने मकान ढहाए
एसडीएम ने छह लोगों के अतिक्रमण हटाए