अमर उजाला ब्यूरो
शुक्लागंज। गंगाघाट के पीतांबर खेड़ा में खेत से घर लौट रही युवती झूलते एचटी लाइन के तारों की चपेट में आ गई। युवती बुरी तरह से झुलस गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, ग्रामीणों में जर्जर तार दुरुस्त न कराए जाने को लेकर ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ आक्रोश है।
पीतांबर खेड़ा निवासी सुलेखा (19) पुत्री गंगाराम की करंट लगने से मौत हो गई। मृतका के पिता ने बताया कि वह रविवार की रात खेत में तरोई तोड़ रहे थे। साथ में बेटी भी काम कर रही थी। लोहे के तसले में तरोई एकत्रित कर बेटी को घर ले जाने के लिए भेजा तभी बेटी की चीख सुनी मौके पर जाकर देखा तो बेटी अचेत जमीन पर पड़ी थी। खेत के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन का तार जमीन को छू रहा था। पास के एक चिकित्सक को दिखाया जिसने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी झूलते तार की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गई थी। दुखी पिता ने बताया कि उसने पहले भी बिजली विभाग को खेत से ऊपर से झूलते एचटी लाइन के तारों के बारे में जानकारी दी थी लेकिन विभाग के लोगों ने कोई ध्यान नहीं दिया जिससे उसकी बेटी की जान चली गई। गंगाघाट पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एचटी लाइन की चपेट में युवती मौत
- खेत से तरोई तोड़कर घर लौट रही थी युवती