अमर उजाला ब्यूरो
हसनगंज (उन्नाव)। नकाबपोश पांच बदमाशों ने बुधवार की देर रात गल्ला कारोबारी के घर धावा बोला। गृहस्वामी और उसकी बेटी को तमंचे के बल पर बंधक बना रुपये और जेवर समेत करीब पांच लाख से अधिक का माल लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। कारोबारी की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने डकैती की घटना को चोरी में दर्ज किया है।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में अजगैन-मोहान मार्ग स्थित नईसरांय गांव निवासी उमेश गुप्ता एक पैर से दिव्यांग हैं। उमेश गल्ला के आढ़ती हैं। उनकी गांव में भी आटा चक्की है। पड़ोस में छोटा भाई योगेश रहता है। बुधवार को योगेश के बेटे वैभव का जन्मदिन था। उमेश, पत्नी लक्ष्मी, बेटी प्राची, सपना और बेटा प्रखर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे। रात करीब 11.30 बजे सभी घर लौटे थे। पत्नी और बच्चे छत पर बने कमरे में सोने चले गए, जबकि उमेश नीचे कमरे में सोया था। रात करीब दो बजे बिजली आने पर उमेश चक्की चलाने उठा था। अभी वह आंगन में पहुंचा ही था कि मकान के पीछे की दीवार से छत पर चढ़े डकैत जीने
के रास्ते घर में दाखिल हुए। तीन बदमाशों ने उमेश की कनपटी पर तमंचा लगा चुप रहने की हिदायत दी। तभी खटपट की आवाज सुनकर बेटी सपना की नींद खुल गई। वह नीचे आ रही थी, तभी एक बदमाश ने उसे भी तमंचा लगा दिया। बदमाशों का एक साथी छत पर उमेश की पत्नी और दो बच्चों पर नजर रखे रहा।
बदमाशों ने व्यापारी को जान से मारने की धमकी देकर जेवर-नगदी की जानकारी ली। अलमारी खोलकर 150 ग्राम सोने और नौ सौ ग्राम चांदी के जेवर के साथ ही 35 हजार रुपये लूट लिए। करीब आधा घंटे धमाचौकड़ी के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश भाग निकले। बदमाशों के जाते ही उमेश छत पर पर पहुंचा और शोर मचाया। पत्नी लक्ष्मी ने 100 नंबर पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी हनुमान प्रसाद पांडेय ने बताया कि डकैती नहीं, चोरी हुई है। उधर, एसपी नेहा पांडेय ने बताया कि डकैती को चोरी में दर्ज किया गया तो यह गलत है। उन्होंने बताया कि सीओ पुरवा शशि शेखर दीक्षित को घटना की जांच सौंपी गई है। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
गल्ला कारोबारी के घर पांच लाख का डाका
पांच नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर परिजनों को बंधक बनाया
कोतवाली के नईसरांय गांव में घटना, पुलिस ने डकैती को चोरी में किया दर्ज