यूपी के हरदोई जिले में सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम लालपालपुर के राशन डीलर के घर छापेमारी में गेहूं और चावल की 885 बोरियां और 10 ड्रम मिट्टी का तेल पकड़ा गया है। प्रशासन ने इसे राशन की कालाबाजारी का मामला मानते हुए केस दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
घटना के केंद्र में है पचकोहरा निवासी राशन डीलर याकूब। लालपालपुर के कोटेदार याकूब के घर पर कालाबाजारी की नीयत से सस्ती दर वाला सरकारी अनाज और मिट्टी का तेल स्टॉक किए जाने की जानकारी पर सुरसा के पूर्ति निरीक्षक संतोष वर्मा ने गुरुवार रात छापामारी कराई। पुलिस के साथ जांच को पहुंचे सवायजपुर के पूर्ति निरीक्षक योगेश कुमार व स्टाफ को वहां अनाज की कई बोरियां और केरोसिन के ड्रम मिले।