सफीपुर। फत्तेपुर के निकट अनियंत्रित बाइक सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि साथ बैठे युवक के चाचा की मौत हो गई। युवक भांजी के जन्म पर बहन के घर जा रहा था। देर रात भतीजे की भी लखनऊ के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव राजेपुर पतारी निवासी शिव कुमार (28) पुत्र बच्चू लाल राठौर की बहन रेनू की सफीपुर के माथर गांव में अमित से शादी हुई है। 25 मार्च को रेनू ने बेटी को जन्म दिया था। इस पर शुक्रवार दोपहर शिवकुमार अपने चाचा किशन लाल(50) पुत्र गोकुल के साथ बहन के घर माथर बाइक से जा रहा था। हादसे में शिवकुमार व किशनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने दोनों को सफीपुर सीएचसी भेजा। जहां चिकित्सकों ने किशनलाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि शिवकुमार को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उसकी मौत हो गई। मृतक किशनलाल के दूसरे भतीजे मनीष ने बताया कि चाचा किशनलाल भूमिहीन किसान थे। वह बटाई पर खेती लेकर परिवार का खर्च चलाते थे। पति की मौत पर पत्नी रामकांति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
-सफीपुर के फत्तेपुर के निकट ट्रैक्टर से टकराई थी बाइक