ठठिया(कन्नौज)। क्षेत्र के हिम्मापुरवा गांव में युवक ने पड़ोस में रहने वाली युवती को गोली मारने के बाद खुद को गोली से उड़ा लिया। युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि युवती को गंभीर हालत में परिजनों ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के प्रधान भाई ने युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। कहा है कि दोनों के बीच नजदीकियां थी। इसी के चलते यह घटना की गई। पुलिस जांच में जुटी है।
ठठिया के हिम्मापुरवा में निवासी शादीशुदा सतीश चंद्र (35) पुत्र अमर सिंह के बड़े भाई गिरीश चंद्र यादव गांव के प्रधान हैं। गांव में ही उनका निजी जूनियर हाईस्कूल संचालित होता है, जहां पड़ोस की रहने वाली प्रीति (20) पढ़ाती है। सतीश स्कूल की देखरेख और खेती बाड़ी में हाथ बंटाता था। ठठिया थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सतीश और प्रीति की मुलाकात अक्सर स्कूल में होती थी। संभावना है कि तभी दोनों के बीच नजदीकियां रहीं हों। प्रीति ने अपने बयान में बताया है कि वह रविवार की सुबह करीब पांच बजे गांव के बाहर खेत की ओर गई थी। वहां उसे सतीश मिल गया, जिसने उसे खींचने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने पहले उसे और फिर खुद को गोली मार ली। सतीश की मौके पर मौत हो गई। जबकि, प्रीति किसी तरह घायल अवस्था में घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, प्रधान गिरीश चंद्र यादव ने युवती के परिजनों पर भाई की हत्या का आरोप लगाया है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।