राजपुर (कानपुर देहात)। प्रथम किस्त निकासी के बावजूद शौचालय निर्माण शुरू न करने पर दो गांवों के चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने तहसीलदार के साथ सोमवार को गांव में निरीक्षण कर की है। इससे गांव के लोगों में भय व्याप्त है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद को ओडीएफ करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी ब्लॉक स्तरीय समीक्षा कर रहे हैं। वहीं, राजपुर विकास खंड के दर्जन गांवों में प्रथम किस्त धन निकासी के बावजूद लाभार्थियों की ओर से शौचालय निर्माण कार्य शुरू न कराने को लेकर सोमवार को तहसीलदार सिकंदरा संजय कुमार कुशवाहा, पंचायती राज विभाग के जिला समन्वयक विमल पटेल, एडीओ पंचायत कमलेश कुमार गौतम ने राजपुर के रिहुनी गांव पहुंच लाभार्थी अशोक कुमार व निरपत सिंह को पुलिस हिरासत में सौंप दिया। एडीओ कमलेश गौतम ने बताया कि अशोक कुमार को शौचालय निर्माण के लिए 8 माह पहले खाते में प्रथम किस्त 6 हजार की धन निकासी कर ली गई है। वहीं, निरपत सिंह ने भी प्रथम किस्त निकासी के बावजूद शौचालय निर्माण नहीं कराया। इसी क्रम में टीम ने पैलावर के करीम नगर में शौचालय निर्माण कार्य की प्रगति देखी। यहां के सरजू प्रसाद व प्राशू कुमार ने प्रथम किस्त 6-6 हजार की खाते से धन निकासी करने के बाद भी शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया। तहसील संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि शौचालय निर्माण मे रुचि न लेने पर चारों लाभार्थियों को थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है।