अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज।
आगरा अधिवेशन के एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की निगरानी वाले व उनकी पत्नी डिंपल यादव के संसदीय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी को झटका लगा है। सपा की जिला पंचायत अध्यक्ष शिल्पी कटियार व सदर ब्लाक प्रमुख नीलू यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। हालांकि अविश्वास प्रस्ताव के दौरान जिलाधिकारी जगदीश प्रसाद के समक्ष मात्र छह जिला पंचायत सदस्य ही हाजिर हो सके। डीएम ने उनसे हस्ताक्षर कराकर हलफनामे लिए हैं। इधर, सदर ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर केवल एक बीडीसी सदस्य डीएम के सामने उपस्थित हो सका। बताया जा रहा है यह बीडीसी सदस्य ब्लाक प्रमुख पद का दावेदार भी है।
कलक्ट्रेट में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सुबह से गहमा-गहमी का माहौल रहा। जिला प्रशासन को अविश्वास प्रस्ताव की भनक लगने के बाद कलक्ट्रेट में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। करीब डेढ़ बजे भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य महेश चंद्र शास्त्री की अगुआई में हरिशरण राजपूत, अनिल चक, रामबाबू वर्मा, प्रवेश शाक्य, जीतू शाक्य ने सोलह सदस्यों के हस्ताक्षर युक्त शपथपत्र जिलाधिकारी को सौंपे। डीएम ने सभी सोलह सदस्यों को मौके पर बुलाने के लिए कहा तो केवल छह ही मौजूद दिखे। इस पर डीएम ने साफ कहा कि जिनके शपथपत्र हैं, वह उपस्थित होकर खुद दें, तभी ये मान्य होंगे। डीएम ने इस दौरान फोटोग्राफी कराकर मौजूद डीडीसी सदस्यों से हलफनामे पर हस्ताक्षर कराए।
इसके बाद सदर ब्लाक प्रमुख नीलू यादव के खिलाफ 59 बीडीसी सदस्यों के हलफनामे आशीष कुमार ने डीएम के सामने प्रस्तुत किए। डीएम ने इनसे भी सभी 59 सदस्यों को बुलाकर हलफनामे देने के लिए कहा तो बीडीसी सदस्य आशीष कुमार ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही सभी को उनके समक्ष उपस्थित कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने अविश्वास प्रस्ताव पर कहा कि उनको जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख पद के लिए लिखित नोटिस मिले हैं। दोनों पदों पर दिए गए शपथपत्रों का वह परीक्षण कराएंगे। इसके बाद ही आगे कार्रवाई होगी।
सदन को कोई खतरा नहीं
कन्नौज। जिला पंचायत अध्यक्ष के पति संजू कटियार ने कहा कि सदन को कोई खतरा नहीं है। जिला पंचायत सदस्य उनके साथ हैं। दिए गए शपथपत्र में आधे से अधिक शपथपत्र फर्जी तरीके से तैयार किए गए हैं। प्रशासन इनकी जांच करा ले, सच्चाई सामने आ जाएगी।
ब्लाक प्रमुख ने शपथपत्र बताए फर्जी
कन्नौज। सदर ब्लाक प्रमुख नीलू यादव ने कहा कि उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव में शपथपत्र फर्जी तरीके से तैयार कराए गए हैं। वह फर्जी शपथपत्र देने के खिलाफ जिलाधिकारी से मिलकर अपनी बात रखेंगे और जांच कराए जाने की मांग करेंगे।
हिलने लगी जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख की कुर्सी
-विपक्ष ने डीएम से मिलकर सौंपे शपथपत्र, भनक लगते ही कलक्ट्रेट में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
- पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ छह सदस्यों ने डीएम के सामने किए हस्ताक्षर
- ब्लाक प्रमुख के खिलाफ केवल पद के दावेदार पेश किए 59 हलफनामे