फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: ऋण लेकर अदा करना भूले 748 रेहड़ी पटरी दुकानदार

Thu, 27 Aug 2026 02:05 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। नगरीय क्षेत्र में पीएम स्वनिधि योजना से कारोबार के लिए ऋण लेकर 748 रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने बैंक से मुंह मोड़ लिया। हालात ये हुए कि तीन माह से कोई किस्त जमा नहीं की गई। इस पर इन्हें डिफाल्टर की श्रेणी में रखा गया है।
विज्ञापन

पीएम स्वनिधि योजना में रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को खुद का कारोबार शुरू करने के लिए तीन चरण में ऋण सुविधा दी जाती है। पहली किस्त में 15 हजार रुपये, दूसरी किस्त में 25 हजार रुपये और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये की मदद दी जाती है। पहले चरण की ऋण सुविधा लेने पर समय पर किस्तें जमा करना जरूरी है। इससे ऋण लेने वाले की बैंक में साख बनती है। इसके बाद ही दूसरे और तीसरे चरण का ऋण मिलता है।
इधर जनपद के 13 नगर निकायों में पहली किस्त में ऋण लेकर 748 रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने समय पर किस्त नहीं लौटाईं। कुछ ने एक या दो किस्तें ही लौटाईं। डिफाल्टरों पर करीब 74 लाख रुपये बकायेदारी का अनुमान है। अकबरपुर, पुखरायां, रूरा व सिकंदरा में सबसे अधिक रेहड़ी-पटरी दुकानदार हैं जिन्होंने ऋण की किस्त लौटाना जरूरी नहीं समझा है। दरअसल ऋण लेने के बाद उधारकर्ता लगातार 90 दिनों तक किस्त का भुगतान नहीं करता है तो बैंक डिफाल्टर मानकर ऐसे खातों को एनपीए घोषित कर देता है। शहर मिशन प्रबंधक हिमांशु मिश्रा ने बताया कि बैंक से ऋण लेकर समय पर किस्त का भुगतान करना जरूरी है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से ऋण सीमा बढ़ती है। अब क्रेडिट कार्ड सुविधा भी शुरू की गई है। समय पर किस्तें जमा नहीं करने पर फिलहाल 748 रेहड़ी-पटरी दुकानदार डिफाल्टर हैं।
विज्ञापन

...................
निकायवार डिफाल्टरों पर एक नजर
अकबरपुर : 183
सिकंदरा : 136
पुखरायां : 128
रूरा : 112
झींझक : 78
रसूलाबाद: 36
डेरापुर : 27
अमरौधा : 22
शिवली : 21
राजपुर : 03
रनियां : 02
कुल : 748
................
इनसेट...
ऋण भुगतान करने वाले 63 दुकानदारों को मिलेगा क्रेडिट कार्ड
पीएम स्वनिधि योजना में पहले व दूसरे चरण का ऋण भुगतान करने वाले 63 रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को तीसरे चरण का 50 हजार रुपये ऋण जल्द मिलेगा। इसके साथ ही इन्हें 30 हजार तक की खरीदारी सीमा का क्रेडिट कार्ड भी मिलेगा। इस क्रेडिट कार्ड से दुकानदार नकद भुगतान नहीं कर पाएंगे। मगर कच्चा माल या अन्य जरूरी खरीदारी पर भुगतान कर सकेंगे। शहर मिशन प्रबंधक हिमांशु मिश्रा ने बताया कि 12 नगर निकायों के 63 रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने समय पर पूर्व में लिए ऋण का बैंक को भुगतान किया। इसकी वजह से अब इन्हें तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण और 30 हजार तक की खरीदारी सीमा का क्रेडिट कार्ड मिलेगा। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें