पुखरायां। भोगनीपुर थाना क्षेत्र के हांसेमऊ गांव स्थित मकान-दुकान में छापा मारकर पुलिस ने 720 किलो पटाखा बरामद किया। मकान मालिक को हिरासत में लिया है। साथ ही दो लोगों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
एसडीएम देवेंद्र सिंह और सीओ राजीव सिरोही, एफएसओ कपिल चाहर ने दमकल कर्मियों, पुलिस के साथ बृहस्पतिवार को अवैध रूप से पटाखा का भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। सीओ ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि हांसेमऊ गांव के समीप हाईवे किनारे मकान में संचालित परचून की दुकान में अवैध तरह से पटाखा भंडारण किया गया है। इस पर टीम ने छापा मारा। टीम को मौके से पटाखा का भंडारण मिला। संबंध में दुकान संचालक संजय तिवारी से अनुमति पत्र मांगे लेकिन वह नहीं दिखा सके।
देवीपुर चौकी इंचार्ज अतेंद्र कुमार ने बताया कि जांच में छह झाल व 25 गत्ते पटाखा सही मिला। जबकि कुछ गत्ते कटे फटे थे। जिसका कुल वजन 720 किलो है। पूछताछ में संजय ने बताया कि दुकान किराए पर मोहर देवी मंदिर के समीप पुखरायां निवासी पप्पू गुप्ता को 1300 रुपये महीना किराये पर दी है। यह सब माल उन्हीं का है। दोनों के खिलाफ विस्फोटक सामग्री रखने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।