नवाबगंज। अन्ना मवेशियों से फसलों को नुकसान से बचाने के लिए पूस की सर्द रातों में खेतों में रतजगा कर रहे किसानों का धैर्य मंगलवार को जवाब दे गया। एकजुट होकर मवेशियों को पकड़ा और फिर सादिकपुर खरवारी के प्राथमिक स्कूल में बंद कर दिया। सुबह जब शिक्षक स्कूल पहुंचे तो यह देख पुलिस को सूचना दी। सोहरामऊ पुलिस ने पहुंचकर मवेशियों को मुक्त कराकर स्कूल परिसर को खाली कराया।
सोमवार रात सोहरामऊ थानाक्षेत्र के गांव सादिकपुर खरवारी के ग्रामीणों ने लगभग 60 गोवंश मवेशियों को प्राथमिक विद्यालय में खदेड़कर अंदर बंधक बना दिया। जब मंगलवार को शिक्षक स्कूल पहुंचे तो परिसर में मवेशियों को बंद देख एसडीएम को मामले की जानकारी दी। एसडीएम सूरज यादव ने तत्काल सोहरामऊ पुलिस को भेज कर मवेशियों को मुक्त कराने के निर्देश दिए।
एसओ शिवकुमार ने पहुंच कर मवेशियों को मुक्त कराकर परिसर को खाली कराया। ग्रामीणों ने गांव के प्रधान की मदद से एसडीएम से गांव की चारागाह की जमीन पर गोशाला बनाने की मांग की। एसडीएम ने गांव के लेखपाल अश्वनी कुमार को मौके पर जाकर जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए।