गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिखारीपुर पतसिया निवासी युवक की हत्या प्रेम प्रसंग में हुई थी। गांव के ही युवकों ने लाठी-डंडों से पीट पीटकर युवक को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में शामिल एक अन्य युवक की तलाश की जा रही है। तीसरे अभियुक्त को गिरफ्तार कर पुलिस घटना का खुलासा करेगी।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिखारीपुर पतसिया के मजरा रतईपुरवा निवासी मुकेश निषाद (25) पुत्र राम सिंह का शव शनिवार शाम घर से दो किलोमीटर दूर सरसों के खेत में मिला था। पिता रामसिंह के अनुसार बेटा गुरुवार रात 9 बजे सत्संग सुनने के लिए घर से निकला था।
बेटे का शव मिलने पर पिता रामसिंह ने गांव के ही मनीराम और उसके बेटे अमर सिंह समेत तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भारी चीज से सिर में वार करने से मौत की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने नामित आरोपियों में अमर सिंह व लालता को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अमर सिंह व लालता ने 27 दिसंबर की रात मुकेश की हत्या की थी। दोनों युवक गांव की एक युवती से प्रेम करते थे। इस बीच वही युवती मुकेश के संपर्क में आ गई थी। इसी बात को लेकर अमर व लालता का मुकेश से विवाद हुआ था। गुरुवार रात सत्संग से लौटते वक्त तीनों आरोपियों ने मुकेश की हत्या कर दी थी। पुलिस ने अमर व लालता को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मनीराम को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में प्रेम प्रसंग की बात निकलकर सामने आई है। तीसरे अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।