दो गुमटी का ताला तोड़ ले गए हजारों का माल
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। सर्दी का सीजन आते ही चोरों ने हाथ साफ करना शुरू कर दिया है। शहर से सटे बनकट गांव के पास पहाड़ी मार्ग पर चोरों ने दो दुकान व एक घर में चोरी की। स्थानीय लोगोें के जागने पर चोर साइकिल छोड़कर भाग गए। घटना की जानकारी कोतवाली में दी गई है।
पहाड़ी मार्ग पर सड़क किनारे गुटका व किराने की सामग्री की गुमटी संचालक भइयालाल ने बताया कि बुधवार की रात को चोरों ने ताला तोड़कर लगभग बीस हजार का माल पार कर दिया। उसी के बगल में राजकुमार विश्वकर्मा की गुमटी का भी ताला तोड़कर हजारों का माल चोरी किया। इसके बाद वहीं बस्ती में सुखेंद्र के घर की बाउंड्रीवाल के अंदर रखी साइकिल भी चोर ले जा रहे थे। इसी बीच स्थानीय कुछ लोग जाग गए और अज्ञात लोगों को देखकर चिल्लाकर बुलाया तो चोर साईकिल छोड़कर भाग निकले। इसके पूर्व शहर के चित्रकूट इंटर कालेज रोड़ पर एक खाद बीज की दुकान में सेंध लगाकर आठ लाख नगद व अन्य सामग्री ले जाने की घटना में अब तक कोतवाली पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।