डेरापुर (कानपुर देहात)। रूरा-डेरापुर मार्ग पर टेंपो की टक्कर से बाइक सवार लेखपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले डेरापुर सीएचसी ले गए, जहां अस्पताल में कोई डाक्टर नहीं था। इसके बाद जिला अस्पताल लगाया गया। यहां पर भी इमरजेंसी में कोई डाक्टर नहीं मौजूद था। जानकारी पर पहुंचे तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने मौके पर डीएम को अवगत कराया। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद डाक्टरों ने पहुंच कर उपचार शुरू किया।
शनिवार को सिकंदरा तहसील में तैनात लेखपाल भारत सिंह (29) रूरा से बाइक लेकर ड्यूटी पर जा रहे था। डेरापुर बिजली घर के निकट सामने से आए तेज रफ्तार जेएसए ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जेएसए चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे दरोगा गजेंद्र पाल सिंह ने घायल लेखपाल को आनन फानन इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। डॉ.मनोज गुप्ता ने लेखपाल का प्राथमिक इलाज करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाइक चालक हैलमेट लगाए था। एसएसआई एके सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला अस्पताल में इमरजेंसी में कोई डाक्टर न होने पर लेखपाल के परिजनों ने अधिकारियों को जानकारी दी। इस पर तहसीलदार राजीव उपाध्याय व नायब तहसीलदार अर्चना पांडेय मौके पर पहुंची। तहसीलदार ने जिला अस्पताल की अव्यवस्था देख डीएम को अवगत कराया। डीएम राकेश कुमार सिंह ने सीएमओ से नाराजगी जता उपचार शुरु कराने के निर्देश दिए। तहसीदार ने बताया कि लेखपाल के पैर में फैक्चर है जिससे उसे डाक्टर कानपुर रेफर किए दे रहे थे जबकि उसे 24 व 25 को होने वाली विभागीय परीक्षा में शामिल होना है। डीएम के निर्देश पर उसे सहायक उपलब्ध कराया जाएगा।
---------------