अमर उजाला ब्यूरो
जालौन। कस्बा आटा में एक मासूम बच्ची की लू लगने से मौत हो गई। वह दोपहर में अपने घर के बाहर खेल रही थी। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिले में लू लगने से मौत होने का पहला मामला सामने आया है। कस्बा आटा निवासी रामनरेश की 8 वर्षीय बेटी भारती बुधवार की दोपहर अपने घर के बाहर मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। अचानक लू लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई।
वह गश खाकर वहीं गिर पड़ी। परिजन आनन फानन में भारती को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए। वहां पर चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।