फर्रुखाबाद। बांटा-माप विभाग की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी कर विशाल मेगा मार्ट में अवैध तौल कांट और फतेहगढ़ में एक दुकानदार को प्रिंट रेट से अधिक पर दूध पैकेट बेचते पकड़ा। मॉल संचालक और दुकानदार का चालान कर जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना जमा न करने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर के मोहल्ला लालबाग में विशाल मेगा मार्ट का शोरूम है। बांट-माप विभाग की टीम ने शुक्रवार को इस शोरूम पर छापेमारी की। जिला बांट-माप विभाग की वरिष्ठ निरीक्षक ज्योत्सना श्रीवास्तव ने बताया कि टीम के साथ मेगा मार्ट में तौल, माप की जांच की गई। उन्होंने बताया कि विशाल मेगा मार्ट में इलेक्ट्रानिक तौल कांटा पर बांट माप की मोहर नहीं लगी थी। इससे स्पष्ट है कि वहां घटतौली की जा रही थी। इसके चलते चालान कर दिया गया है।
जुर्माना न भरने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह फतेेहगढ़ स्थित अंकिता प्रोविजन स्टोर पर भी छापेमारी की। इस दुकान में ग्राहक को मदर डेयरी का आधा लीटर का दूध 27 रुपये में बेचा गया था जबकि पैकेट पर अधिकतम मूल्य 26 रुपये ही छपा था। उपभोक्ता से अधिक दाम वसूलने के कारण अंकिता प्रोविजन स्टोर का भी चालान कर दिया गया। वरिष्ठ निरीक्षक ने बताया कि दोनों संस्थान संचालकों पर अधिकतम 10 हजार रुपये का जुर्माना हो सकता है।
विशाल मेगामार्ट में पकड़ा अवैध तौल कांटा
इलेक्ट्रानिक तौल कांटा पर बाट-माप की मुहर नहीं लगी थी
अधिक दाम पर दूध बेचने पर दुकानदार पर जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो