कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा विभाग को हाल ही में शिक्षक भर्ती के तहत जिले में 68 अध्यापक मिले हैं। शुक्रवार को माती स्थित ईको पार्क सभागार में शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने के लिए कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें डीएम व विधायक ने 67 शिक्षकों को नियुक्त पत्र देकर जिम्मेदारी का एहसास कराया।
माती स्थित ईको पार्क में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज के निर्माण का दायित्व शिक्षकों पर होता है। नौकरी पाने वाले सभी शिक्षकों को इसे अच्छे से समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग देश के भविष्य की बुनियाद है। इसके निर्माता शिक्षक ही हैं।
विधायक प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार भर्तियां कर रही है। जबकि कोविड काल में अन्य देशों में लोग बड़ी संख्या में नौकरी गवां चुके हैं। इसके बाद भी केंद्र व राज्य सरकार युवाओं को रोजगार दे रही है। कहा कि निष्पक्षता के साथ भर्ती की जा रही है जबकि पिछली सरकारों में लोगों को कैसे नौकरी मिलती थी ये सभी जानते हैं।
बीएसए सुनील दत्त ने कहा कि प्रदेश में 69 हजार शिक्षक भर्ती में शेष बचे पदों पर हाल ही काउंसलिंग कराई गई थी। इसमें जिले को 68 शिक्षक मिले हैं। एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा। 67 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त शिक्षक विभाग की कार्यप्रणाली अच्छे से समझ कर योग्यता का सही उपयोग करें, ताकि परिषदीय स्कूल एक अलग पहचान बना सकें।
निजी स्कूल से योग्य शिक्षक बेसिक शिक्षा में नियुक्त हो रहे हैं। अब उन्हें अपनी प्रतिभा का विद्यालय स्तर पर प्रयोग करना होगा। इस मौके पर एसपी केशव कुमार चौधरी, राजीव कुमार, रमेश मिश्रा, अखिलेश वर्मा, करूणाशंकर शुक्ला, विवेक दलेला, नवीन दीक्षित, अनंत त्रिवेदी, ज्ञान सिंह, सुधीर तिवारी आदि मौजूद रहे।