कोरोना से बचाव के लिए तैयार की गई कोविशील्ड वैक्सीन शुक्रवार को चित्रकूट, हमीरपुर, बांदा, औरैया, इटावा, कन्नौज और फर्रुखाबाद पहुंची। मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने मंडलीय कोल्ड चेन वैक्सीन एवं लॉजिस्टिक सेंटर का निरीक्षण करने के बाद सबसे पहले गुरुवार को कानपुर नगर की वैक्सीन वैन को हरी झंडी दिखाई थी। उन्होंने निर्देश दिए कि वैक्सीन सत्र सेंटरों तक शुक्रवार को पहुंचा दी जाए, जिससे शनिवार को वैक्सीनेशन शुरू हो सके।
इसके साथ ही वैक्सीन सेंटरों की सख्त सुरक्षा के निर्देश दिए। कांशीराम अस्पताल परिसर रामादेवी स्थित मंडलीय स्टोर से गुरुवार दोपहर तीन बजे पहली वैक्सीन नगर जिले की रवाना की गई थी। फिर देहात जिले की वैक्सीन वैन को अपर निदेशक डॉ. जीके मिश्रा ने हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद एक-एक करके औरैया, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद की वैक्सीन वैन रवाना की गई थी।
यह लक्ष्य रखा गया था कि शाम चार बजे तक जिलों में वैक्सीन पहुंच जाए। सबसे बाद में फर्रुखाबाद की वैक्सीन पहुंची। अपर निदेशक डॉ. मिश्रा ने बताया कि दूरी होने के कारण वैन पहुंचने में देेर लगी। मंडलायुक्त ने मंडलीय और जिले के स्टोर में सुरक्षा व्यवस्था, कोल्ड प्वाइंट प्रबंधन प्रणाली और वितरण प्रणाली की समीक्षा की।